डिजिटल सशक्तीकरण से आत्मनिर्भरता की ओर: एनटीपीसी सिंगरौली की सीएसआर पहल के तहत 30 ग्रामीण छात्राओं के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण का शुभारंभ

Spread the love

(ग्रामीण प्रतिभाओं को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की उत्कृष्ट पहल; परियोजना प्रमुख ई. प्रभाकर राव ने छात्राओं से किया प्रेरक संवाद)

शक्तिनगर, । एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत ग्रामीण बालिकाओं के डिजिटल सशक्तीकरण, कौशल संवर्धन एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 30 बारहवीं उत्तीर्ण छात्राओं के लिए निःशुल्क ट्रिपल सी (Course on Computer Concepts) कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण सेवा संस्थान सोसाइटी के माध्यम से कर्मचारी विकास केंद्र में संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण प्रतिभाओं को डिजिटल तकनीक, उच्च शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन श्री ई. प्रभाकर राव, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली तथा श्रीमती ई. निर्मला, अध्यक्षा, वनिता समाज द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एवं वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्याओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि श्री ई. प्रभाकर राव ने प्रतिभागी छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि, रुचियों, भविष्य की आकांक्षाओं एवं रोजगार संबंधी अपेक्षाओं को जाना। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं पर विश्वास रखने, प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में श्री ई. प्रभाकर राव ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर का ज्ञान केवल एक अतिरिक्त योग्यता नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता की बुनियादी आवश्यकता बन गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित अवसर, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। ग्रामीण बालिकाओं को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल कौशल से सुसज्जित कर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

उन्होंने छात्राओं को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित न रहकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को तलाशने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली का प्रयास ग्रामीण प्रतिभाओं को ऐसे अवसर उपलब्ध कराना है, जिनसे वे अपनी आकांक्षाओं को साकार करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर श्रीमती ई. निर्मला, अध्यक्षा, वनिता समाज ने भी छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा, तकनीकी दक्षता एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने छात्राओं को पूरे मनोयोग, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा अर्जित ज्ञान एवं कौशल का व्यावहारिक जीवन में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी, ऑपरेटिंग सिस्टम, वर्ड प्रोसेसिंग, स्प्रेडशीट, प्रेजेंटेशन, इंटरनेट, ई-मेल, ऑनलाइन सेवाओं एवं डिजिटल तकनीक के व्यावहारिक उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण उन्हें उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों, ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल सेवा केंद्रों तथा कंप्यूटर आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं से जुड़ने में भी सहायक होगा।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा पूर्व में भी सीएसआर के अंतर्गत इस प्रकार के कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा चुका है। इन कार्यक्रमों से प्रशिक्षित अनेक प्रतिभागियों ने अर्जित डिजिटल कौशल का व्यावहारिक उपयोग करते हुए स्वरोजगार के अवसर सृजित किए हैं और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। पूर्ववर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रमों के उत्साहजनक परिणामों को देखते हुए इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक ग्रामीण प्रतिभाओं को कौशल विकास एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ा जा सके।

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल संसाधनों एवं गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण तक सीमित पहुँच को देखते हुए यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। इसके माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल अंतर को कम करने, बालिकाओं में तकनीकी दक्षता विकसित करने तथा उन्हें बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सीएसआर के अंतर्गत बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में निरंतर विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पहलों का मूल उद्देश्य ग्रामीण समुदायों की क्षमताओं का विकास कर उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण की यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर, आकांक्षाओं को दिशा और कौशल को आजीविका से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। यह कार्यक्रम डिजिटल समावेशन, महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार संवर्धन एवं आत्मनिर्भर ग्रामीण समाज के निर्माण के प्रति एनटीपीसी सिंगरौली की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। कार्यक्रम का समन्वय डॉ ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं संयोजन आदर्श, कार्यपालक सीएसआर द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *