महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘खुला आसमान 2026 -27″ में लहराया सफलता का परचम

Spread the love

रेणुकूट। सेंट ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल, मूर्धवा, रेणुकूट में आयोजित इंटर स्कूल फेस्ट ‘खुला आसमान 2026-27’ में महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।इस आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने इनडोर गेम्स (शतरंज, लूडो एवं कैरम), आउटडोर गेम (डॉजबॉल) तथा कला प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।

शतरंज प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 5 आयु वर्ग में प्रियंका कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लूडो प्रतियोगिता में निकित्या ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कला प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 5 आयु वर्ग में रानू श्रीवास्तव ने प्रथम तथा नैंसी कुशवाहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 6 से 8 आयु वर्ग में राज सरोज प्रथम एवं आयुषी पाल द्वितीय स्थान पर रहीं। डॉजबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और प्रतिभा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि महिला मंडल विद्यालय के विद्यार्थी जिस भी मंच पर प्रतिभाग करते हैं, अपनी प्रतिभा और अनुशासन से विद्यालय का गौरव बढ़ाते हैं। इस सफलता में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन करने वाले शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सतत सहयोग और प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

उल्लेखनीय है कि हिण्डाल्को रेणुकूट द्वारा महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को योग्य खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खेलों से संबंधित गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी का परिणाम है कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *