एनटीपीसी ने जारी की जनहित में चेतावनी, भर्ती प्रक्रिया में किसी बिचौलिए की कोई भूमिका नहीं
मौदा (महाराष्ट्र)। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को ठगी से बचाने के लिए एनटीपीसी मौदा ने जनहित में महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। परियोजना प्रबंधन के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व एनटीपीसी के नाम का दुरुपयोग कर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर रहे हैं और लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे धन की मांग कर रहे हैं।
एनटीपीसी मौदा ने स्पष्ट किया है कि संस्थान में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित एवं पारदर्शी माध्यमों से संचालित की जाती है। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति, एजेंसी, सलाहकार अथवा बिचौलिए को धन मांगने या लेने का अधिकार नहीं है। भर्ती से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं एनटीपीसी के अधिकृत करियर पोर्टल, वेबसाइट के करियर अनुभाग और अन्य अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाती हैं। एनटीपीसी ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भर्ती सूचना, नियुक्ति पत्र या नौकरी के प्रस्ताव की सत्यता की जांच किए बिना उस पर भरोसा न करें। नौकरी के नाम पर किसी को भी पैसे न दें और न ही अपनी व्यक्तिगत, वित्तीय अथवा गोपनीय जानकारी साझा करें।
परियोजना प्रबंधन ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी नियुक्ति पत्र, संदिग्ध भर्ती प्रस्ताव अथवा नौकरी के बदले धन की मांग से संबंधित कोई सूचना मिलती है तो तत्काल मानव संसाधन विभाग, मौदा सुपर ताप विद्युत परियोजना (एमएसटीपीएस), प्रशासनिक भवन, रामटेक रोड, मौदा, नागपुर, महाराष्ट्र-441104 से संपर्क करें। साथ ही इसकी सूचना निकटतम पुलिस थाने में भी दें। जांच में सहयोग के लिए संबंधित दस्तावेज, पत्राचार, भुगतान का विवरण और संपर्क संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
एनटीपीसी मौदा ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की धोखाधड़ीपूर्ण गतिविधियों से होने वाली किसी भी आर्थिक अथवा अन्य हानि के लिए संस्थान जिम्मेदार नहीं होगा। यह चेतावनी युवाओं और आम नागरिकों को रोजगार संबंधी धोखाधड़ी से बचाने तथा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जारी की गई है। एनटीपीसी की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट: https://careers.ntpc.co.in/recruitment/
