प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप शहरों को आर्थिक विकास के सशक्त केंद्र बना रही डबल इंजन सरकार – विष्णु देव साय

Spread the love

मुख्यमंत्री ने रिसाली को दी 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और राज्य सरकार की पहल से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन की सरकार का प्रयास है कि शहरों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर 101 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नगरीय विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अमृत मिशन से शहरों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ने शहरों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल अधोसंरचना का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। राज्य के छोटे-बड़े सभी शहरों में विकास की समान गति सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। रिसाली नगर निगम क्षेत्र का समग्र विकास भी इसी व्यापक प्रयास का हिस्सा है।

*रिसाली में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात*

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 28 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान, सामुदायिक सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी गई है। इन विकास कार्यों से रिसाली के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना की अब तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से प्रदेश के लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ की गई है। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। प्रदेश में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है।

दुर्ग ग्रामीण विधायकललित चंद्राकर ने अपने स्वागत उद्बोधन में किसानों के हित में लिए गए निर्णयों तथा रिसाली क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री श्री साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र एवं अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज कल्याण विभाग की हितग्राही चंचला दुर्गा एवं रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्राइसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर तथा रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र प्रदान किया। अन्य हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता सामग्री और लाभ वितरित किए गए। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, सांसद श्री विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष राकेश पांडे, दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार, रिसाली महापौर श्रीमती शशि सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू एवं श्री सुरेंद्र कौशिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *