भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं – मुख्यमंत्री

Spread the love

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय धनोरा में आयोजित भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में हुए शामिल*

रायपुर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित ‘राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव’ में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जीवन न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। उनके आदर्श हमें समाज की सेवा और जनहित के कार्यों के लिए सदैव प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की उन्नति में ही प्रदेश की समृद्धि निहित है और राज्य सरकार इसी भावना के साथ सभी वर्गों के कल्याण तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने महोत्सव में उपस्थित समाजजनों को भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कलार समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक लगभग एक हजार वर्षों तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का वैभवशाली शासन रहा। इस गौरवशाली विरासत को संजोते हुए कलार समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यापार, व्यवसाय और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने समाज की एकजुटता, परिश्रम और सामाजिक समरसता की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनजातीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में प्रदेश के गांवों को शामिल किया गया है। बस्तर में खाली हो रहे सुरक्षा कैंपों को प्रशिक्षण और जनसेवा केंद्रों के रूप में विकसित कर ‘सेवा डेरा’ बनाया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों को विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसानों और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ हुए समझौते के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को दो गाय उपलब्ध कराने तथा उत्पादित दूध की खरीदी की व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की दो बड़ी सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन परियोजनाओं से लगभग 80 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर शांति और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में लिए गए निर्णयों को सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया। कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धनोरा पहुंचकर सबसे पहले स्थानीय आराध्य खण्डा डोकरा आंगा देव की पूजा-अर्चना कर जनजातीय समाज की आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, गौरव और विकास को नई पहचान मिली है।

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और जनसुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दूरस्थ क्षेत्रों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा 32 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाने से इसका निर्माण पूर्ण हो सका है। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, कलार समाज बस्तर संभाग के अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप सहित समाज के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *