प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीबों और वंचितों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है डबल इंजन की सरकार : ए.के. शर्मा*
*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए बनी वरदान : ए.के. शर्मा*
*नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में 302 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की दी शुभकामनाएं*
*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सामाजिक समरसता की दिखी अनूठी मिसाल, चार मुस्लिम जोड़े भी हुए विवाह बंधन में आबद्ध
मऊ/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को जनपद मऊ भ्रमण के दौरान बापू इंटर कॉलेज, कोपागंज में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने वाले 302 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गरीबों, पिछड़ों, वंचितों एवं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना इसी जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण है।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसके जीवन में खुशहाली आए। इसी संकल्प को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार धरातल पर साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे सम्मान, गरिमा एवं सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ संपन्न कराया जा रहा है। यह योजना गरीब परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही समाज में समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता को भी मजबूत कर रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि आज बापू इंटर कॉलेज, कोपागंज में 302 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न होना अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। इस आयोजन में चार मुस्लिम जोड़ों का भी विवाह संपन्न हुआ, जो हमारी गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सपनों को साकार करने और उनके जीवन में खुशियां लाने का माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण डबल इंजन की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने सभी नवविवाहित जोड़ों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान एवं सहयोग की मजबूत नींव पर आगे बढ़ता है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनके जीवन में सदैव सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने इस पुनीत आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
