चन्दौली। जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बसारिकपुर गांव में नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने धान फसल की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण कर उत्पादकता का आकलन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए अपील की कि वे अपनी धान की उपज को बिचौलियों के पास बेचने के बजाय सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें।
*क्रॉप कटिंग के आंकड़े*
किसान विजय लाल यादव (गाटा संख्या-34) इनके खेत में 43.33 वर्ग मीटर (10x10x10 मीटर) के समबाहु त्रिभुज क्षेत्र में कटाई कराई गई, जिसमें तौल करने पर 28.700 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ।
किसान बुद्धू प्रसाद यादव (गाटा संख्या-3) इनके खेत में भी समान माप पर क्रॉप कटिंग कराई गई, जहां तौल के दौरान 21.520 किलोग्राम धान निकला।इन आंकड़ों के आधार पर क्षेत्र में कुल 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर धान की उत्पादकता का अनुमान लगाया गया है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल क्षतिपूर्ति का सही मुआवजा और भुगतान मिलने में इन क्रॉप कटिंग के आंकड़ों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीमती आकांक्षा सिंह, तहसीलदार सकलडीहा अभिजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर चंद्रगुप्त सागर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, अपर जिला सांख्यिकीय अधिकारी संदीप पटेल, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश तथा लेखपाल अमृता कुमारी मौर्या, रामबली प्रसाद व साधना समेत कई अधिकारी और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।
