नवागत जिलाधिकारी ने पदभार ग्रहण कर जनपद के चौमुखी विकास के प्रति जताई अपनी प्रतिबद्धता

Spread the love

शासन की योजनाओं का लाभ अन्त्योदय वर्ग तक पहुॅचाना सर्वोच्च प्राथमिकता – नवागत जिलाधिकारी

सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में होगें पूर्ण – शैलेष कुमार

चन्दौली। नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया बन्धुओं एवं जनपद स्तरीय अधिकारी से संवाद (प्रेस वार्ता) किया। 2016 बैच के आईएएस अधिकारी नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार इससे पूर्व जनपद संत रविदास नगर भदोही के पद पर कार्यरत थे। तत्पश्चात् कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर सभी कार्यालयों में जाकर सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों से मिलकर उनसे कार्यो के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए आम जनमानस को दी जा रही सुविधाएं लाभार्थियों तक शत्-प्रतिशत पहुॅचाना प्राथमिकता रहेगी, साथ ही जनपद में हो रहे विकास कार्यो को गति के साथ पूर्ण कराया जायेगा। उन्होंने रेवेन्यू कोर्ट में वादों के शीघ्र निस्तारण, निर्माण कार्य परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से समय-सीमा में पूर्ण करना, जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शासन प्रशासन की सेवाओं को समय-सीमा में उपलब्ध कराने पर बल दिया। जनपद के सभी लोगों के समन्वय से शासन की नीतियों का धरातल पर क्रियान्वित किया जायेगा, जिससे अन्त्योदय वर्ग भी जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित हो सके। उन्होने सबका साथ, सबका विकास की मूल भावना पर कार्य करते हुए सभी के सहयोग, समन्वय व सुझाव पर बल दिया। उन्होंने जनता जनार्दन, अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, जनपद के विकासात्मक आंकाक्षाओं पर शत्-प्रतिशत पूर्ण करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई।

उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित सभी कार्यालयों के भ्रमण के दौरान और अधिक साफ-सफाई सहित रंगाई-पुताई, विद्युत प्रकाश की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि फाईलो व प्रपत्रों का रख-रखाव सुव्यवस्थित करें तथा समय-सीमा के अन्दर जनता को प्रशासन की सेवाओं की सर्विस डिलिवरी सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि./रा., मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी, उप जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *