उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ डाला छठ सम्पन्न, व्रतियों ने किया पारण, बांटा प्रसाद
शाहगंज, सोनभद्र। स्थानीय कस्बा सहित ग्रामीण अंचलों में सूर्य षष्ठी (डाला छठ) का महापर्व सोमवार को हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर सरोवरों के किनारे घाट पर भारी संख्या में व्रती महिलाएं सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर निराधार व्रत का पारण किया। तत्पश्चात प्रसाद का वितरण किया।
बता दें कि सोमवार को दूसरे दिन सप्तमी को तालाबों, नदियों और नहरों में ही स्नान कर प्रातः सूर्य उदय होते ही भगवान भाष्कर को मंगल कल्याण के लिए अर्घ्य दिया। इस दौरान घाटों पर अद्भूत नजारा देखने को मिला। भोर से ही जलाशयों के तटों के किनारे आस्थावानों की भीड़ उमड़ पड़ी और आसपास में सुरज की लाली उभरने का बेसब्री से इंतजार किया जाने लगा। रातभर घी का दीप जलाकर गन्ने के मण्डप के मध्य वेदी कलश रखकर आराधना दी गयी। अलसुबह गाजे-बाजे के साथ जलाशयों के किनारे बड़ी तादात में श्रद्धालु झूमते नजर आये। इस दौरान आतिशबाजी भी हुई। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस के जवान तैनात रहे।
स्थानीय कस्बा सहित ढुटेर, खजुरी, सहुआर, डाभा, कुसी निस्फ, ईनम, बालडीह, राजपुर, मसोई, लसड़ी, दुरावल, गौरीशंकर, बरांक, बरौली आदि गाँवों में छठ घाट पर पुत्र की कामना व पति की दीर्घायु हेतु सोमवार की अलसुबह आखिरी अर्घ्यदान किया गया। व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर डाला षष्ठी के अनुष्ठान का पारण किया। पूजा घाट पर महिलाओं के साथ उनके परिजन तथा बच्चों का जमघट देखा गया।
