प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 17 नवम्बर को, 04 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन

Spread the love

सोनभद्र। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर सर्विस मतदाताओं से संबंधित निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भाग का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जाना है। आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सर्विस मतदाताओं से संबंधित निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भाग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की समय-सारणी निर्धारित की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भाग का प्रारूप प्रकाशन 17 नवम्बर 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 17 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक अभिलेख अधिकारियों कमांडिंग अधिकारियों संबंधित प्राधिकारियों द्वारा प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे। इस अवधि में प्राप्त प्रपत्रों का सत्यापन एवं स्क्रीनिंग, एक्सएमएल फाइल तैयार करने तथा हस्ताक्षरित एवं सत्यापित प्रपत्रों के साथ एक्सएमएल फाइल अपलोड करने की कार्यवाही की जाएगी।
इसके बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा हस्ताक्षरित एवं सत्यापित प्रपत्रों तथा एक्सएमएल फाइलों का परीक्षण एवं निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान अपूर्ण प्रपत्रों, एक्सएमएल फाइलों को संबंधित अभिलेख अधिकारियों, कमांडिंग अधिकारियों, प्राधिकारियों को वापस किया जाएगा तथा संशोधित प्रपत्र एक्सएमएल फाइलों को पुनः प्रस्तुत करने के उपरांत ईआरओ द्वारा अंतिम आदेश पारित किए जाएंगे।
श्री गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करते हुए सभी संबंधित के संज्ञान में लाकर उनका अनुपालन सुनिश्चित कराएं, जिससे सर्विस मतदाताओं से संबंधित निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भाग का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समयावधि में पूर्ण कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *