दूसरे के दस्तावेजों पर बनाते थे फर्जी सीएससी आईडी, लाखों की ठगी का खुलासा 

Spread the love

पुलिस ने दो आरोपियों को  किया गिरफ्तार

सोनभद्र। जनपद में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) आईडी का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर जनसेवा केंद्रों की इनएक्टिव सीएससी आईडी को दोबारा एक्टिव कराने के नाम पर संचालकों से यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने का आरोप है। इसके अलावा दूसरे व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी सीएससी आईडी बनवाने और उनका सत्यापन कराने का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी / सहायक नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र ने मुकदमा अपराध संख्या 13/2026, धारा 318(4) एवं 66(क्) के तहत जांच करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। 

पुलिस की जांच में सामने आया कि जनसेवा केंद्रों से संबंधित कार्यों में संविदा पर नियुक्त आरोपी आशीष कुमार पाण्डेय जनपद के विभिन्न जनसेवा केंद्र संचालकों से उनकी इनएक्टिव सीएससी आईडी को दोबारा चालू कराने के नाम पर यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करता था। इसके बाद पासवर्ड बदलकर इन आईडी को साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिया जाता था।इतना ही नहीं, आरोपी अन्य लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई सीएससी आईडी भी बनवाते थे। इनका सत्यापन कराकर आईडी एक्टिव कराई जाती थी और फिर साइबर अपराधियों को सौंप दी जाती थी। इन आईडी के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। 

गुजरात पुलिस ने पीड़ित को किया था गिरफ्तार

जांच में कई पीड़ितों और जनसेवा केंद्रों का नाम सामने आया है। इनमें सुकृत निवासी विशाल पटेल पुत्र अवधेश पटेल भी शामिल हैं। बताया गया कि उन्होंने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज दिए थे। आरोपियों ने उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर सीएससी आईडी बनवाई और उसका सत्यापन कराया। संबंधित स्थान पर पहले से ओम कम्प्यूटर, सुकृत संचालित था। इसी तरह सुशील कुमार नामक छात्र के नाम पर भी सीएससी आईडी बनाकर उसका इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी में किया गया। इसके अलावा कन्हरा, थाना ओबरा निवासी रमेश कुमार गुर्जर पुत्र भोला प्रसाद तथा सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी ऑपरेटर आईडी बनाकर धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जिला समन्वयक की भूमिका और धोखाधड़ी में संलिप्तता के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर विशाल पटेल थाने पहुंचे थे।
 उन्होंने बताया कि उनकी सीएससी आईडी के गलत सत्यापन और आपराधिक गतिविधियों में दुरुपयोग के कारण गुजरात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में उन्हें जमानत भी करानी पड़ी थी। पीड़ित की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर साइबर पुलिस ने जांच तेज की और दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया। संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों का विवरण पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर तथा अभय कुमार गौड़ पुत्र शंकर प्रसाद गौड़ निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर दोपहिया वाहन बरामद किया है।
 कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार , उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल शिवनन्दन सिंह यादव, संजय कुमार वर्मा, योगेश यादव तथा कांस्टेबल सुनील रावत शामिल रहे। साइबर क्राइम पुलिस की इस कार्रवाई से सीएससी आईडी का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *