भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेष बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग मठ पहुंचे

Spread the love

मठ में पवित्र अवशेष प्रतिष्ठापित; जनता 13 नवंबर तक दर्शन कर सकेगी

नई दिल्ली। शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेष 8 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग (टीजीएल) मठ (लोअर गोम्पा) पहुंचे। वहां प्रतिष्ठापित ये पवित्र अवशेष 8 से 13 नवंबर 2026 तक सार्वजनिक दर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस प्रदर्शनी का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा, राष्ट्रीय संग्रहालय (नई दिल्ली), अरुणाचल प्रदेश सरकार और इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन (आईबीसी, नई दिल्ली) के सहयोग से किया जा रहा है।

8 नवंबर को सार्वजनिक प्रदर्शनी के पहले दिन काफी अच्छा उत्साह देखने को मिला। लगभग 4,000 श्रद्धालुओं ने पवित्र अवशेषों के दर्शन के लिए मठ का दौरा किया। बौद्ध भिक्षुओं, गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों ने भी प्रार्थना की और अपनी श्रद्धा अर्पित की। 9 से 13 नवंबर 2026 तक, बोमडिला निर्वाचन क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु प्रार्थना करने और आशीर्वाद लेने के लिए मठ का दौरा करेंगे।

पवित्र अवशेषों को भारतीय वायु सेना के चिनूक हेलीकॉप्टर द्वारा तवांग से बोमडिला लाया गया। इस दौरान आईबीसी के उप महासचिव (डीएसजी) श्री भिक्खु खेमाचारा तथा संस्कृति मंत्रालय, राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली और आईबीसी के अधिकारी भी साथ थे। रूपा स्थित सेना के हेलीपैड पर अरुणाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा, पर्यटन, ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) एवं सार्वजनिक पुस्तकालय मंत्री श्री पासंग दोरजी सोना ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पवित्र अवशेषों का स्वागत किया। इस अवसर पर हेलीपैड पर गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद पवित्र अवशेषों को बोमडिला ले जाया गया। इस दौरान अपर गोम्पा में संक्षिप्त धार्मिक एवं औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पश्चात् पवित्र अवशेषों को प्रतिष्ठापित करने के लिए थुबचोग गात्सेल लिंग मठ (लोअर गोम्पा) ले जाया गया।

प्रतिष्ठापन के बाद, मठ में दो विशेष प्रदर्शनियों का उद्घाटन मुख्य अतिथि पसांग दोरजी सोना, शिक्षा, पर्यटन और ग्रामीण कार्य विभाग, अरुणाचल प्रदेश सरकार के मंत्री, पद्मश्री 12 वें गुरु त्रुलकु रिनपोछे की उपस्थिति में किया गया। अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) और राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित प्रदर्शनियां, बौद्ध धर्म और पवित्र अवशेषों से जुड़ी ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को लोगों के सामने रखती हैं।

7 नवंबर 2026 को गादेन नामग्याल ल्हात्से (तवांग मठ) में सात दिनों तक चले सार्वजनिक दर्शन कार्यक्रम के समापन के बाद, ये पवित्र अवशेष बोमडिला पहुंचे। इस कार्यक्रम में तवांग के सभी ब्लॉकों और आस-पास के इलाकों से हजारों श्रद्धालुओं और आगंतुकों ने हिस्सा लिया। वे इन पवित्र अवशेषों के दर्शन करने, प्रार्थना करने और अपना सम्मान प्रकट करने के लिए वहां एकत्र हुए थे। लोगों की इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति, शाक्यमुनि बुद्ध के इन पवित्र अवशेषों के प्रति गहरी आध्यात्मिक श्रद्धा को दर्शाती है।

बोमडिला प्रदर्शनी के बाद, पवित्र अवशेष नामसाई स्थित स्वर्ण पैगोडा ले जाए जाएंगे, वहां 14 से 20 नवंबर 2026 तक जनता के दर्शन के लिए खुले रहेंगे। इसके बाद, पवित्र अवशेष 21 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली में वापस लाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *