नि:शुल्क कानूनी परामर्श की सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता शिविरों और कार्यक्रमों का आयोजन
चन्दौली । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के दिशा-निर्देश व जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली के निर्देशानुसार सचिव श्रीमती निकिता गौड़ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली की अध्यक्षता में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस (National Legal Services Day) का आयोजन किया गया। यह दिवस हर वर्ष विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के लागू होने की स्मृति में मनाया जाता है। इस जागरूकता अभियान के दौरान संविधान के अनुच्छेद 39A के तहत आर्थिक रूप से कमजोर, व्यक्ति, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांजन अनुसूचित जाति/जनजाति और वंचित वर्गों को मुफ्त, निष्पक्ष और सुलभ कानूनी सहायता बिना किसी शुल्क के कानूनी सलाह और सरकारी वकील की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस विशेष दिवस के उपलक्ष्य में आम जनता को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और नि:शुल्क कानूनी परामर्श की सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता शिविरों और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया तथा यह भी बताया गया कि यदि किसी को भी कानूनी सलाह या सहायता की आवश्यकता हो, तो वह सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली (DLSA) कार्यालय से संपर्क कर सकते है। साथ ही दिनांक 12.12.2026 को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से प्री-लिटिगेशन वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर वाद, भरण-पोषण सम्बन्धी वाद, चेक बाउन्स व मोटर यान अधिनियम सम्बन्धी वाद, शमनीय दाण्डिक वाद, राजस्व वाद, वाहन चालान, चकबन्दी वाद, बैंक रिकवरी वाद, श्रम, बिमा, बिजली व टेलीफोन सम्बन्धी वाद, जलकर निर्धारण, नगर पालिका कर निर्धारण के विरुद्ध अपील आदि का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते द्वारा मुकदमों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया समझाई और आम नागरिकों को नालसा (NALSA) के राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए जागरूकता अभियान चलाया।
