मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में सूरजपुर में जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ
“राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व”- मंत्री राजवाड़े
सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्यगीत का गायन भी किया गया। इस वर्ष राज्योत्सव “सशक्त नारी, युवा उड़ान” की थीम पर मनाया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। प्रदेश अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य का गौरव मिला। मंत्री ने राज्य निर्माण में योगदान देने वाले पुरखों को नमन करते हुए कहा कि गठन के समय अनेक चुनौतियां थीं, लेकिन आज प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्योत्सव की “सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम महिला सशक्तिकरण और युवाओं की प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित सूरजपुर के निर्माण में सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की। कलेक्टर रेना जमील ने राज्य और जिले के गठन के बाद हुए विकास, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी साझा की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बबली को 3,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली रानी गुप्ता को 2,100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कमला गुप्ता को 1,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विभागीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला पंचायत को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला। अतिथियों ने विजेता विभागों को सम्मानित किया। विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कर्मा नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास, संस्कृति और एकता का संदेश प्रस्तुत किया गया। आमंत्रित कलाकारों ने लोकगीतों और छत्तीसगढ़ी परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा लाल राजवाड़े, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन की ओर से मंत्री राजवाड़े और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
