PET परीक्षा-2026 के लिए प्रयागराज मंडल में व्यापक रेल परिचालन तैयारियाँ की गयी 

Spread the love

 परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन, नियमित ट्रेनों के विस्तार एवं अतिरिक्त रेक के उपयोग की व्यवस्था

 प्रयागराज। आगामी 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली PET परीक्षा-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक रेल परिचालन योजना तैयार की गई है। इसका उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने तथा परीक्षा के उपरांत अपने गंतव्य की ओर लौटने में सुविधा प्रदान करना और नियमित रेल सेवाओं के साथ अतिरिक्त यात्री भार का सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में परीक्षार्थियों की सुगम आवाजाही के लिए विभिन्न स्तरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल एवं अन्य प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा भीड़ की स्थिति, यात्री आवागमन एवं प्लेटफॉर्म व्यवस्था का सतत अवलोकन किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उचित कदम उठाए जा सकें।

PET परीक्षा तीन तिथियों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है। परीक्षार्थियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों, नियमित ट्रेनों के विस्तार, समय में आवश्यक बदलाव तथा उपलब्ध रेक के प्रभावी उपयोग की योजना बनाई गई है।

*विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन*

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए दो महत्वपूर्ण एकतरफा अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई है।

*1. गाड़ी संख्या 01821 — प्रयागराज जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी*

12 कोच वाली यह अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 24 एवं 29 अक्टूबर तथा 31 अक्टूबर 2026 को प्रयागराज जंक्शन से रात्रि 19:45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन प्रातः 05:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। इससे संबंधित गंतव्यों की ओर जाने वाले परीक्षार्थियों को सुविधा मिलेगी।

*2. गाड़ी संख्या 01823 — कानपुर सेंट्रल से मथुरा जंक्शन*

12 कोच वाली यह अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 24 एवं 29 अक्टूबर तथा 31 अक्टूबर 2026 को कानपुर सेंट्रल से रात्रि 20:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन प्रातः 03:10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। इससे कानपुर, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला एवं संबंधित स्टेशनों से यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों को लाभ मिलेगा।

*अन्य विशेष ट्रेनें एवं नियमित रेल सेवाओं में बदलाव*

परीक्षार्थियों की अतिरिक्त आवाजाही को सुगम बनाने के लिए प्रयागराज, झांसी एवं आगरा मंडलों सहित अन्य संबंधित रेल मंडलों के समन्वय से भी विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की गई है। कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, मथुरा, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एवं अन्य संबंधित गंतव्यों के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाने का प्रावधान रखा गया है।

इसके अतिरिक्त, यात्रियों की संख्या एवं परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए कानपुर सेंट्रल–लखनऊ, कानपुर सेंट्रल–रायबरेली तथा कानपुर सेंट्रल–खजुराहो खंड की तीन ट्रेनों के समय में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है। वहीं, कानपुर सेंट्रल–फतेहपुर, इटावा–कानपुर सेंट्रल, कानपुर सेंट्रल–टूंडला तथा अन्य संबंधित खंडों की कुल नौ ट्रेनों के विस्तार का प्रावधान किया गया है। इन व्यवस्थाओं को आवश्यकता के अनुरूप लागू किया जाएगा। प्रयागराज मंडल द्वारा PET परीक्षा के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुगम आवागमन एवं रेल परिचालन को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। रेल प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षार्थियों को यात्रा के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और वे समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *