निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए – जिलाधिकारी

Spread the love

वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए डीएम ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश 

सोनभद्र। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की उपस्थिति में पुलिस लाइन परिसर में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
  ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौड़ ने उपस्थित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। मतदान 23 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 8.00 बजे से सायं 4.00 बजे तक होगा। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को कलेक्ट्रेट परिसर से निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों का पूर्व में निरीक्षण कर लें तथा वहां उपलब्ध आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। मतदान के दिन सभी अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। मतदेय स्थलों के आसपास निर्धारित 100 मीटर की परिधि में लागू प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों के निर्धारित मतदेय स्थलों पर पहुंचने के बाद वहां किसी भी प्रकार के अनधिकृत आतिथ्य, स्वागत-सत्कार अथवा अन्य अनुचित सुविधा को स्वीकार न किया जाए। निर्वाचन की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी कार्मिक निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें। कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का समय से आदान-प्रदान करेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
श्री वर्मा ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्कता के साथ ड्यूटी करेंगे तथा निरंतर भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्री गौड़ ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्वाचन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता के साथ करें, ताकि वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टाक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *