विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की जनसेवा, 610 से अधिक श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा

Spread the love

प्रयागराज। मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में शारदीय नवरात्रि मेले के दौरान विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज द्वारा निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर संचालित किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से अब तक 610 से अधिक श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्रदान की जा चुकी है। स्वयंसेवक चौबीसों घंटे सेवाएँ देकर श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हैं। दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी एवं डिवीजनल कमांडर (प्रशासन), सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज अमित मालवीय तथा मंडल जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन स्थित प्राथमिक चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान मिर्जापुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन भी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, प्राथमिक उपचार की व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं को प्रदान की जा रही सहायता का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्वयंसेवकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मेले के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके साथ ही स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के उपयुक्त डॉ. सुरेंद्रनाथ के दिशा-निर्देशन में संचालित इस शिविर का उद्देश्य माँ विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। यहाँ पैरों में दर्द, चोट, बुखार, सर्दी-जुकाम तथा कटने, छिलने एवं जलने जैसी समस्याओं में सहायता दी जा रही है।

वर्तमान बैच का संचालन मंडल सचिव-1 आलोक कुमार वर्मा, कॉर्पोरल अमित कुमार मौर्य एवं सार्जेंट जितेंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस सेवा कार्य में संदीप कुमार केसरवानी, सुरेश कुमार साहू, राजेश कुमार वर्मा, प्रशांत कुमार, सुग्रीव पांडेय, कालीचरण, लव, मनोज कुमार, जतन तिवारी, रणजीत सिंह, प्रमोद कुमार पटेल, राजीव रंजन, प्रवीण कुमार, कृष्णा सहित अन्य स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिविर के संचालन के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती दो बैचों में की गई है। वर्तमान बैच 16 से 21 अक्टूबर 2026 तक अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहा है। सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की यह पहल नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करने के साथ रेलवे की यात्री सेवा, मानवीय संवेदना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *