‘ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत प्रयागराज मंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल की प्रभावी कार्रवाई

Spread the love

जनवरी से सितंबर 2026 तक 21 मामलों में 25 व्यक्ति गिरफ्तार, लगभग 1.89 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त

प्रयागराज। मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज  रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल परिसर एवं ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन ‘NARCOS’ के अंतर्गत मादक पदार्थों की बरामदगी और तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रयागराज मंडल में जनवरी से सितंबर 2026 तक ऑपरेशन ‘NARCOS’ के अंतर्गत एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) के तहत कुल 21 मामलों का पता लगाकर कार्रवाई की गई। इन मामलों में कुल 25 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान गांजा तथा अल्प्राजोलम एवं डायजापॉम जैसे नशीले पदार्थों को जब्त किया गया, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹1,89,46,665 है। इन 21 मामलों में मिर्ज़ापुर में 1 मामला, प्रयागराज में 3 मामले, कानपुर में 12 मामले, अलीगढ़ में 3 मामले एवं टूंडला में 2 मामले फर्ज किए गए।

20 मामलों में ₹1,88,50,550 कीमत का गाँजा एवं प्रयागराज छिवकी में 470 नग कोडीन युक्त कफ सीरप बरामद किया गया। सितंबर 2026 के दौरान रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन ‘NARCOS’ के अंतर्गत विशेष सतर्कता बरतते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल 3 मामलों का पता लगाकर कार्रवाई की। इन मामलों में कुल 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 9,95,950 रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया गया। रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई का उद्देश्य रेलवे परिसर एवं ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना तथा रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऑपरेशन ‘NARCOS’ के अंतर्गत की जा रही कार्रवाई से मादक पदार्थों के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई को बल मिल रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए सतत निगरानी, सतर्कता एवं समन्वित कार्रवाई जारी रखी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल रेल परिसर और ट्रेनों को सुरक्षित बनाने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *