डॉ. बी. आर. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, ज्ञान और कर्मशीलता का प्रतीक – ई. प्रभाकर राव, परियोजना प्रमुख
सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली, शक्तिनगर में 14 अक्टूबर को धम्म प्रकाश पर्व एवं डॉ. अंबेडकर विद्यालय का स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
धम्म प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रातः एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया, जो भगवान बुद्ध की शिक्षाओं तथा डॉ. बी. आर. अंबेडकर के विचारों से प्रेरित शांति, समानता, करुणा और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों का प्रतीक रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ई. प्रभाकर राव, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (सिंगरौली) तथा श्रीमती ई. निर्मला राव, अध्यक्ष (वनिता समाज) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), सुनील कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी), सिद्धार्थ मंडल, मानव संसाधन प्रमुख, डी. एन. पांडेय, उप महाप्रबंधक (टाउनशिप सिविल), नरेश कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), श्रीमती नीतू मिश्रा, वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्य तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पौधरोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और हरित भविष्य के निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
सायंकाल अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित धम्म प्रकाश पर्व एवं डॉ. अंबेडकर विद्यालय के स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ई. प्रभाकर राव, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सिंगरौली तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के आदर्शों से प्रेरित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें समता, शिक्षा, मानवता और सामाजिक न्याय के संदेश गुंजायमान हुए।
अपने प्रेरक संबोधन में ई. प्रभाकर राव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, ज्ञान और कर्मशीलता का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक सम्मान और प्रगति की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी बताते हुए सभी से जाति, धर्म एवं वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सुनील कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी) एवं अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहब के कृतित्व और योगदान पर अपने सारगर्भित विचार रखे। इस अवसर पर ए. शिवा कुमार, अपर महाप्रबंधक (ईंधन प्रबंधन), सिद्धार्थ मंडल, मानव संसाधन प्रमुख, नरेश कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), राहुल प्रसाद, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), प्रदीप कुमार, प्रधानाचार्य (डॉ. अंबेडकर विद्यालय) सहित एनटीपीसी सिंगरौली कॉलोनी परिसर के बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संजीव कुमार कुररे ने डॉ. अंबेडकर के विचारों “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को आत्मसात करने का आह्वान किया तथा उनके जीवन दर्शन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम का समापन समानता, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन बी. एन. राम, संरक्षक (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति) द्वारा दिया गया। इस प्रकार, पौधरोपण अभियान एवं सांस्कृतिक समारोह के माध्यम से एनटीपीसी सिंगरौली ने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भगवान बुद्ध एवं डॉ. बी. आर. अंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
