कुश्ती में नौगढ़ के छह खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

Spread the love

अभय, कमलेश, विशेष समेत तीन महिला पहलवानों ने भी बनाई जगह, क्षेत्र में खुशी की लहर

नौगढ़। कुश्ती के अखाड़े में नौगढ़ के होनहार पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया है।  उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की ओर से आयोजित होने वाली सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती चैंपियनशिप के लिए  ट्रायल में नौगढ़ क्षेत्र के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में तीन पुरुष और तीन महिला पहलवान शामिल हैं।  खिलाड़ियों की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। चयनित पहलवान राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे। उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की ओर से महिला एवं पुरुष सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक गोरखपुर जिले के सहजनवा स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में निर्धारित है।  जिसके लिए जनपद चंदौली की टीम का चयन ट्रायल डॉ. सुधीर रेसलिंग एकेडमी, लौदा झांसी में रविवार को कराया गया।

 जिसमें विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी कुश्ती प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नौगढ़ से चयनित खिलाड़ियों में पुरुष वर्ग में अभय यादव  कमलेश कुमार व ग्रीको रोमन वर्ग में विशेष कुमार महिला वर्ग में प्रीतम कुमारी, पूजा कुमारी व वंदना का चयन किया गया है। 06 खिलाड़ियों का चयन होने से क्षेत्र में कुश्ती के बढ़ते प्रभाव और ग्रामीण प्रतिभाओं की सफलता के रूप में देखा जा रहा है। ट्रायल चंदौली कुश्ती संघ के अध्यक्ष नीरज यादव, राष्ट्रीय पहलवान मनीष यादव, राष्ट्रीय पहलवान विनोद यादव, कोच चंदन यादव तथा खेलो इंडिया कुश्ती कोच रामजनम यादव की देखरेख में संपन्न हुआ।

जनपद के फ्रीस्टाइल वर्ग में 57 किलोग्राम में मुलायम यादव, 61 किलोग्राम में शशिकांत, 65 किलोग्राम में अभय यादव, 70 किलोग्राम में विवेक पाल, 74 किलोग्राम में कमलेश, 79 किलोग्राम में बघेल यादव और 86 किलोग्राम में मनोहर यादव चयनित हुए। ग्रीको रोमन वर्ग में 55 किलोग्राम में सुनील यादव, 60 किलोग्राम में विशेष कुमार, 63 किलोग्राम में पवन कुमार, 67 किलोग्राम में रोशन यादव, 72 किलोग्राम में मनीष यादव, 87 किलोग्राम में चंद्रजीत पाल व 130 किलोग्राम में अमन यादव का चयन हुआ। महिला वर्ग में 50 किलोग्राम में प्रीतम कुमारी, 55 किलोग्राम में पूजा कुमारी और 57 किलोग्राम में वंदना चयनित हुईं। नौगढ़ क्षेत्र के छह खिलाड़ियों की सफलता से खेल प्रेमियों में काफी उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *