मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
बीजपुर (सोनभद्र)। (जी.जी.न्यूज) एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घटस्थापना का कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी ने अपनी पत्नी तथा महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी के साथ संयुक्त रूप से कलश स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के मुख्य पुजारी राधेश्याम दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
घटस्थापना एवं पूजन कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन) पी.के. नायक, पूजा समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक एन.एस. कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, मानव संसाधन विभाग प्रमुख राजेश बोईपाई, अपर महाप्रबंधक पी. लक्ष्मी, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जी.सी. साहू एवं आर.एन. वर्मा, महासचिव प्रमोद द्विवेदी सहित संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी, विजय गुप्ता, एस.के.बी. पाठक, भीष्म सिंह, सूरज प्रजापति समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक अनुष्ठान एवं आरती में सहभागिता कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने श्रद्धालुओं के बीच आस्था, आध्यात्मिकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी ने बताया कि आगामी 20 अक्टूबर तक मंदिर परिसर एवं पूजा पंडाल में नियमित रूप से विभिन्न सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी ने कहा कि मां जगदम्बा की आराधना से भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से शक्ति की उपासना के इस पावन पर्व में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में परियोजना के वरिष्ठ अधिकारियों, पूजा समिति एवं मंदिर समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य एवं गरिमामय बना दिया।
