एनटीपीसी रामागुंडम में गांधी जयंती पर स्वच्छता और हरियाली का संकल्प

Spread the love

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का समापन, सामूहिक पौधरोपण में कर्मचारियों और टाउनशिपवासियों ने लिया हिस्सा

रामागुंडम। एनटीपीसी रामागुंडम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का समापन विभिन्न कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य स्टेडियम में आयोजित गांधी जयंती समारोह से हुई। इस अवसर पर महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों और स्वच्छता एवं नागरिक जिम्मेदारी के संदेश को स्मरण किया गया। इसके बाद स्केटिंग रिंक के समीप सामूहिक पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। इसमें एनटीपीसी के कर्मचारियों, उनके परिवारों और टाउनशिप के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पौधरोपण के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का समापन समारोह बाद में काकतीय ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। एनटीपीसी तेलंगाना के सीजीएम श्री मुकुल राय ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की, जबकि श्री मनीष अग्रवाल, जीएम (ओएंडएम–रामागुंडम) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में स्वच्छता पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान और सहभागिता के लिए कर्मचारियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के मूल्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। एनटीपीसी रामागुंडम ने स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *