
रेणुकूट। नगर के जाने-पहचाने संकठा पान भंडार के संचालक संकठा प्रसाद का शुक्रवार की भोर करीब चार बजे निधन हो गया। वह पिछले लगभग दो महीने से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर ही उनका उपचार किया जा रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही रेणुकूट में शोक की लहर दौड़ गई। संकठा प्रसाद के निधन का समाचार मिलते ही उनके परिचितों, शुभचिंतकों और रिश्तेदारों का उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते आवास पर लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई उनके साथ बिताए अपने संस्मरणों को याद करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाता नजर आया। माहौल गमगीन रहा ।
संकठा प्रसाद अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। स्थानीय लोगों के बीच उनका लंबे समय से परिचय रहा और उनके निधन से परिचितों एवं शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त है। परिजनों के अनुसार, शनिवार की सुबह नौ बजे उनके निवास स्थित संकठा पान भंडार से अंतिम शवयात्रा निकाली जाएगी। अंतिम यात्रा रिहंद डैम स्थित श्मशान घाट के लिए रवाना होगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से रेणुकूट ने एक परिचित और मिलनसार चेहरे को खो दिया। शुक्रवार को दिनभर उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
