खरगोन। NTPC खरगोन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के साथ-साथ लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महात्मा गांधी के आदर्शों तथा सेवा, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता की उनकी भावना को प्रतिबिंबित करने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में केशब चंद्र सिन्हा राय, HOP खरगोन, अशोक कुमार मिश्रा, GM (O&M), सी.राजीव, GM (Operation & FM), देबामित्रा सिन्हा राय, अध्यक्ष, अहिल्या महिला मंडल, सहित संध्या मिश्रा एवं गीता राजीव की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें एक गायन दल ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरे टाउनशिप में उत्साह और उमंग का वातावरण बनाया।इस दौरान टाउनशिप के विभिन्न मार्गों एवं चौक-चौराहों का उद्घाटन किया गया, जिनमें महात्मा गांधी मार्ग, अहिल्याबाई मार्ग, विधान चंद्र रॉय मार्ग, महात्मा गांधी चौक एवं शिवालिक चौक शामिल रहे।
इसके पश्चात एम.जी. शौर्य स्टेडियम में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए HOP ने दैनिक जीवन में गांधीवादी मूल्यों प्एवं शास्त्री जी के मूल्यों की रासंगिकता तथा समाज एवं पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह और जीवंतता का संचार किया। वहीं, ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। इस अवसर पर स्पोर्ट्स काउंसिल कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया, जो टाउनशिप में खेल, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। NTPC खरगोन में गांधी जयंती समारोह ने श्रद्धांजलि, सामुदायिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रपिता के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
