म्योरपुर, सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के निर्देशन में सोमवार को ग्राम पंचायत रासपहरी में विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। ग्राम विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह एवं तकनीकी सहायक गंगाराम ने वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों की उपस्थिति का राष्ट्रीय मोबाइल निगरानी प्रणाली (NMMS) के माध्यम से दर्ज मस्टररोल से मिलान किया गया। अधिकारियों ने कार्य की प्रगति, श्रमिकों की उपस्थिति तथा मौके पर कराए जा रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान ग्रामीणों और श्रमिकों को योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए अधिक से अधिक संख्या में कार्यों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ने से रोजगार के अवसरों के साथ-साथ गांव के विकास को भी गति मिलेगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि पात्र श्रमिक अधिक से अधिक संख्या में योजना के तहत कार्य करें और ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
