एनसीएल में राजभाषा पखवाड़ा का हुआ समापन
सिंगरौली/ सोमवार को सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में ‘राजभाषा पखवाड़ा’ 2026 के समापन समारोह का आयोजन किया गया। समापन समारोह के दौरान एनसीएल के निदेशक (तकनीकी), आशुतोष द्विवेदी, सीवीओ एनसीएल, अजय कुमार जायसवाल, कंपनी जेसीसी सदस्य सीएमएस से अजय कुमार, आरसीएसएस से लाल पुष्पराज सिंह, बीएमएस से अशोक मिश्रा, एचएसएम से अशोक कुमार पांडे और सीएमओएआई के महासचिव सर्वेश सिंह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने हिंदी बोलने में हीन भावना न रखने तथा राजभाषा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने पर बल दिया। इसके अलावा मुख्य सतर्कता अधिकारी, अजय कुमार जायसवाल ने मातृभाषा से प्रेम करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रयोग को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक गण, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी व कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में विद्यालयों के बच्चे उपस्थित रहे। ‘राजभाषा पखवाड़ा’ 2026 का आयोजन एनसीएल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में किया गया। इस दौरान स्वागत उद्बोधन महाप्रबंधक (राजभाषा), पी. के. त्रिपाठी द्वारा किया गया। समापन समारोह में धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (मानव संसाधन), आर. के. राठौड़ तथा मंच संचालन प्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन), कौशल कुमार तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परियोजनाओं और कर्मियों तथा स्कूली बच्चों को पुरस्कृत किया गया ।
