भदोही, । बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में नवाचार एवं रचनात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए डायट भदोही के तत्वावधान में आयोजित नवाचार महोत्सव एवं नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम में विकास खंड औराई के शिक्षकों ने शानदार प्रदर्शन किया। जनपद के विभिन्न विकास खंडों से चयनित 49 शिक्षकों के बीच प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर के सहायक अध्यापक सज्जाद अहमद ने प्रथम तथा प्राथमिक विद्यालय डोमनपुर के सहायक अध्यापक शिव सागर पाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शिव सागर पाल ने कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों को भारत के राज्यों, राजधानियों और केंद्र शासित प्रदेशों की जानकारी मैग्नेटिक मानचित्र एवं गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से देने का नवाचार प्रस्तुत किया। वहीं सज्जाद अहमद ने अपने नवाचारी शिक्षण प्रयोगों से निर्णायकों को प्रभावित किया। दोनों शिक्षकों की इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय एवं खंड शिक्षा अधिकारी औराई बेद प्रकाश यादव ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार विद्यार्थियों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ शिक्षा को सरल एवं प्रभावी बनाने में सहायक हैं।
