निषाद आरक्षण संकल्प अभियान’ को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने का ऐलान 

Spread the love

सोनभद्र। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी ने शनिवार को चण्डी होटल स्थित एक वैंक्वेट में प्रेस वार्ता कर उत्तर प्रदेश में ‘निषाद आरक्षण संकल्प अभियान’ को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष की शुरुआत तक 50 लाख से अधिक लोगों को हाथ में गंगाजल लेकर आरक्षण के लिए संकल्पित कराने का लक्ष्य है। साहनी ने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण सहित उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए लोकतांत्रिक और संगठित संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, आर्थिक अवसर और राजनीतिक भागीदारी को समाज की प्रमुख जरूरत बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार में रहते हुए वे समाज को आरक्षण और अधिकार नहीं दिला पा रहे हैं तो उन्हें इस्तीफा देकर विपक्ष में आकर अधिकारों की लड़ाई लड़नी चाहिए। साहनी ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यदि निषाद समाज को एससी आरक्षण नहीं मिलता है तो समाज को अपने लोकतांत्रिक अधिकार और वोट की ताकत के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, टोले, परिवार और बूथ तक अभियान पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “यह लड़ाई किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ नहीं, बल्कि निषाद समाज के संवैधानिक अधिकार, सामाजिक न्याय, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के लिए है।” साथ ही युवाओं को शिक्षित करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *