सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया रक्तदान

Spread the love

*मनेंद्रगढ़ में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कराया स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

रायपुर। एमसीबी जिले में आयोजित “सेवा संकल्प अभियान-2026” का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान के अंतर्गत मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का संदेश दिया।स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया तथा “सेवा संकल्प अभियान” के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान, रोगों से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करेगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा, “रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। प्रत्येक स्वस्थ और पात्र व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जनभागीदारी को जोड़कर समाज में सेवा, संवेदना और स्वास्थ्य जागरूकता का वातावरण तैयार किया जा रहा है।

इस दौरान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ के प्रथम वर्ष के छात्र प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर स्वास्थ्य मंत्री ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सा शिक्षा को जनसेवा का माध्यम बनाते हुए संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यानशवंती सिंह तथा कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, चिकित्सक, चिकित्सा विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *