सीसीएल ने कल्याणकारी सेवाओं के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में बढ़ाया महत्वपूर्ण कदम

Spread the love

दोनों पोर्टलों का इन-हाउस विकास सीसीएल की तकनीकी क्षमता और नवाचार की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि – सीएमडी

राँची / सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर, पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में डिजिटल परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज सीसीएल मुख्यालय, रांची स्थित मंथन सभागार में CPRMSE/NE 2.0 Portal एवं Online Dependent Employment Portal का शुभारंभ किया। दोनों पोर्टलों का विधिवत शुभारंभ सीसीएल, सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर  निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार तथा सीसीएल के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

CPRMSE/NE 2.0 Portal के माध्यम से पूर्व कर्मचारियों के मेडिकल क्लेम एवं रिम्बर्समेंट की प्रक्रिया को पारंपरिक कागजी एवं फाइल-आधारित व्यवस्था से डिजिटल वर्कफ्लो में परिवर्तित किया गया है। इसके माध्यम से सेवानिवृत्त कोल कर्मी अपने घर से ही मेडिकल क्लेम एवं संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे, अपने क्लेम की स्थिति की ऑनलाइन निगरानी कर सकेंगे तथा किसी भी ऑब्जर्वेशन अथवा आपत्ति का डिजिटल माध्यम से जवाब दे सकेंगे। पोर्टल के माध्यम से PRB, CMS/Medical एवं Finance विभागों के बीच क्लेम का इलेक्ट्रॉनिक मूवमेंट, कार्य आवंटन, डिजिटल रिकॉर्ड, ऑडिट ट्रेल तथा SMS/मोबाइल अलर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ने के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं, Online Dependent Employment Portal का उद्देश्य सेवा अवधि के दौरान दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रितों/दावेदारों के लिए रोजगार अथवा NCWA के अंतर्गत आर्थिक मुआवजे से संबंधित प्रस्तावों की प्रक्रिया को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाना है। पोर्टल के माध्यम से आश्रित ऑनलाइन आवेदन/प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने के साथ-साथ उसके विभिन्न चरणों में स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, कमियों, लंबित कार्यों तथा प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों के संबंध में SMS एवं ई-मेल के माध्यम से सूचनाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के लिए केंद्रीकृत मॉनिटरिंग एवं डैशबोर्ड की सुविधा मामलों की प्रभावी निगरानी में सहायक होगी।

इन दोनों डिजिटल पहलों की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि CPRMSE/NE 2.0 एवं Dependent Employment Portal को सीसीएल के प्रणाली विभाग द्वारा अपनी इन-हाऊस टेक्निकल टीम के माध्यम से विकसित किया गया है। यह उपलब्धि सीसीएल की तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता एवं संस्थान के भीतर उपलब्ध मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग को भी रेखांकित करती है।

इस अवसर पर सीएमडी सीसीएल  निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि दोनों पोर्टलों का इन-हाउस विकास सीसीएल की तकनीकी क्षमता और नवाचार की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिवारों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं प्रणाली विभाग की टीम को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के डिजिटल समाधान सेवा वितरण को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

CPRMSE/NE 2.0 एवं Online Dependent Employment Portal के माध्यम से सीसीएल Centrally Monitored Digital Service Delivery की ओर एक महत्वपूर्ण बदलाव की शुरुआत की है। दोनों पोर्टल प्रक्रियाओं को अधिक पेपरलेस, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के साथ-साथ लाभार्थियों की सुविधा, जवाबदेही और कार्यप्रणाली की दक्षता को मजबूत करने में सहायक होंगे। विशेष रूप से, ये पहल सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मियों एवं दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों तक कल्याणकारी सेवाओं की बेहतर एवं अधिक सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *