दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय कस्बा स्थित दुद्धी कचहरी रोड इन दिनों भीषण जाम और अव्यवस्था का गवाह बना हुआ है। तहसील तिराहे से लेकर सिविल कोर्ट जाने वाले मुख्य मार्ग पर हर दिन गाड़ियों के पहिए थम रहे हैं। स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि यहाँ से दोपहिया वाहनों की बात तो दूर, पैदल यात्रियों का निकलना भी मुहाल हो गया है। प्रशासनिक अनदेखी और सड़कों के दोनों ओर पटरियों पर फैले अवैध अतिक्रमण ने स्थानीय निवासियों और दूर-दराज से आने वाले वादकारियों की कमर तोड़ दी है।मंगलवार को भी इस मुख्य मार्ग पर लंबे समय तक गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आम राहगीरों के साथ-साथ खुद दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी इस अव्यवस्था का शिकार हो गए और किसी तरह पैदल गाड़ियों के बीच से निकलते दिखे। इसके बावजूद यातायात को सुचारू कराने के लिए मौके पर कोई मुस्तैद व्यवस्था दिखाई नहीं दी।स्थानीय लोगों का आरोप है कि तहसील तिराहे से सिविल कोर्ट मार्ग पर दुकानदारों और ठेला-खोमचा लगाने वालों ने सड़क की पटरियों पर पूरी तरह कब्जा जमा रखा है। सड़क पहले ही संकरी है और उस पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहन व पटरियों का अतिक्रमण कोढ़ में खाज का काम कर रहा है। बार-बार आवाज उठाने के बाद भी आज तक इस समस्या का कोई ठोस और स्थायी हल नहीं निकाला जा सका है।
तहसील मुख्यालय और सिविल कोर्ट होने के कारण इसी रास्ते से हर दिन उपजिलाधिकारी (SDM), क्षेत्राधिकारी (CO) समेत तमाम जिम्मेदार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं फिर अधिकारियों की नाक के नीचे प्रतिदिन आम जनता इस नारकीय स्थिति से जूझती है, लेकिन इसके बाद भी इस गंभीर समस्या पर अब तक कोई ठोस हल नहीं निकाला जा सका।
