दुद्धी, सोनभद्र। कम्पोजिट विद्यालय दुद्धी का मंगलवार को उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र उपस्थिति तथा मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय के किचन एवं मध्यान्ह भोजन तैयार किए जाने की व्यवस्था का भी गंभीरता से निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर विद्यालय में मिल रही शिक्षा की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली और उनकी पढ़ाई से संबंधित समस्याओं को भी जाना।
विद्यालय में अध्ययनरत छात्र /छात्राओं के पठन-पाठन में आ रही कुछ समस्याओं से खंड शिक्षा अधिकारी व प्रधानाचार्य ने एसडीएम को अवगत कराया। एसडीएम ने संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने बच्चों के साथ फर्श पर बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता को स्वयं परखा। उनके इस सहज एवं मानवीय व्यवहार की विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों ने सराहना की।
जांच के दौरान विद्यालय में कुल 412 छात्र-छात्राओं का नामांकन पाया गया, जिसके सापेक्ष 367 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। एसडीएम ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, किचन की व्यवस्था एवं साफ-सफाई समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्यालयों में समय-समय पर इस तरह का निरीक्षण होता रहे और अधिकारियों द्वारा बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखी जाए तो विद्यालयों की व्यवस्थाएं निश्चित रूप से बेहतर होंगी। एसडीएम द्वारा बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण करने और व्यवस्थाओं को करीब से परखने के कदम की लोगों ने विशेष रूप से सराहना की। इस मौके पर शिक्षक शैलेश मोहन,जितेंद्र चौबे तत्सत त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक व अभिभावक गण मौजूद रहे।
