ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान की जानकारी के लिए करें RailOne ऐप का प्रयोग, टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन का लाइव स्टेटस, पी एन आर संबंधी जानकारी, सुझाव/ शिकायत, रिटायरिंग रूम बुकिंग की सुविधा एक ही प्लेटफॉर्म पर
प्रयागराज। रेल यात्रियों कि सुविधा के भारतीय रेलवे द्वारा विकसित RailOne ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग, ट्रेन की जानकारी, पी एन आर संबंधी जानकारी, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, सुझाव/शिकायत एवं सहायता सहित कई महत्वपूर्ण यात्री सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। रेलवे के अधिकृत RailOne ऐप को यात्रियों के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इसके माध्यम से यात्री आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट आदि बुक कर सकते हैं। साथ ही ट्रेन खोज एवं पूछताछ, PNR स्टेटस और लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस जैसी सुविधाओं का भी आसानी से उपयोग किया जा सकता है।
इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए RailMadad की सुझाव/शिकायत एवं सहायता संबंधी सेवाओं को भी डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा गया है। RailMadad के माध्यम से यात्री अपनी शिकायत, सुझाव अथवा सहायता संबंधी अनुरोध दर्ज करा सकते हैं।
139 हेल्पलाइन भी यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सहायता माध्यम
डिजिटल सेवाओं के साथ रेलवे की 139 हेल्पलाइन भी यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सहायता माध्यम है। यात्री ट्रेन एवं यात्रा संबंधी जानकारी, शिकायत अथवा आवश्यकता के समय सहायता प्राप्त करने के लिए 139 पर संपर्क कर सकते हैं। रेलवे के अधिकृत डिजिटल माध्यमों में NTES (National Train Enquiry System) के माध्यम से ट्रेन की समय-सारणी एवं लाइव रनिंग स्टेटस की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
कुछ ऐसे प्रकरण भी संज्ञान में आए हैं, जिनमें थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म/मोबाइल ऐप से प्राप्त ट्रेन संबंधी जानकारी पर भरोसा करने के कारण यात्रियों की ट्रेन छूट गई। यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर यात्रा अनुभव को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि ट्रेन के समय, ठहराव, लाइव रनिंग स्टेटस अथवा अन्य यात्रा संबंधी जानकारी के लिए रेलवे के अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म/ऐप से जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते समय केवल रेलवे के अधिकृत ऐप एवं पोर्टल का ही इस्तेमाल करें। अनधिकृत वेबसाइटों, मोबाइल ऐप और संदिग्ध लिंक से सावधान रहें तथा अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी साझा करने से पहले डिजिटल माध्यम की प्रामाणिकता अवश्य सुनिश्चित करें। रेल प्रशासन का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से यात्रियों को सरल, सुगम, त्वरित और एकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराना है। RailOne ऐप इसी दिशा में भारतीय रेलवे की यात्री सेवाओं को एक मंच पर लाने और यात्रियों के डिजिटल अनुभव को बेहतर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है।
