विशेष अभियान 6.0 एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ 2026 की तैयारियों की वेकोलि में समीक्षा

Spread the love

स्वच्छता, ई-वेस्ट प्रबंधन, लंबित मामलों के निपटारे और रिकॉर्ड प्रबंधन पर रहेगा विशेष जोर

नागपुर: वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) ने विशेष अभियान 6.0 एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा हेतु, 5 सितंबर, 2026 को वेकोलि के निदेशक (कार्मिक)/(वित्त)  बिक्रम घोष की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की गई। 

बैठक में वेकोलि मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित महाप्रबंधक (सिविल-वेलफेयर), महाप्रबंधक (एमएम-स्टोर्स), महाप्रबंधक (सिस्टम्स) एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (वेकोलि) उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक, स्टाफ अधिकारी (सिविल, सिस्टम्स एवं एमएम) तथा नोडल अधिकारी (वेलफेयर एवं सीएसआर) भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक में अभियान के प्रमुख केंद्र-बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इनमें ई-वेस्ट प्रबंधन, लंबित मामलों का निपटारा, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्थान का अनुकूलतम उपयोग, डिजिटलीकरण तथा कार्यालयों एवं कार्यस्थलों पर स्पष्ट एवं दृश्यमान स्वच्छता परिणाम प्रमुख रहे। बैठक में प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG) की ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पहल तथा कोयला मंत्रालय द्वारा निर्धारित ई-वेस्ट प्रबंधन थीम पर विशेष जोर दिया गया।

वेकोलि ने विशेष अभियान 5.0 की सफलता को आगे बढ़ाते हुए विशेष अभियान 6.0 के लिए पहले से अधिक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं। विशेष अभियान 5.0 के दौरान वेकोलि ने अपने प्रतिष्ठानों एवं परिचालन क्षेत्रों में 277 स्थलों पर स्वच्छता एवं कार्यस्थल सुधार से संबंधित सभी लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किए थे। 

विशेष अभियान 6.0 के तहत वेकोलि ने 300 स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अंतर्गत लगभग 6.50 लाख वर्ग फुट क्षेत्र को कवर किया जाएगा। साथ ही 539.65 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे लगभग ₹2.27 करोड़ के राजस्व की प्राप्ति का अनुमान है।

रिकॉर्ड प्रबंधन के क्षेत्र में 500 भौतिक फाइलों एवं 7,500 ई-फाइलों की समीक्षा तथा 500 भौतिक फाइलों एवं 7,500 ई-फाइलों के निस्तारण/क्लोजर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे कार्यालयीन कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी और डिजिटल बनाने में सहायता मिलेगी।

विशेष अभियान 6.0 के तहत ई-वेस्ट प्रबंधन, आधुनिक स्वच्छता पद्धतियां, स्थान का अनुकूलतम उपयोग, डिजिटलीकरण, पर्यावरण-अनुकूल कार्यप्रणाली, ‘वेस्ट टू वेल्थ’ तथा समावेशिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विशेष अभियान 6.0 का तैयारी चरण 15 से 30 सितंबर 2026 तक तथा क्रियान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। वेकोलि मुख्यालय, सभी क्षेत्रों, खदानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों और हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *