शिक्षक सम्मान समारोह में 113 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित

Spread the love

चंन्दौली। बेसिक शिक्षा विभाग, चंदौली के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय भव्य शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 113 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश खरवार एवं पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल की उपस्थिति रही। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रदेश भर के शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत परिषदीय विद्यालयों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी सर्वोत्तम शिक्षा मिल सके।

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा विगत कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में जो क्रांतिकारी बदलाव आया है, उसका पूरा श्रेय हमारे समर्पित अध्यापकों को जाता है। आज परिषदीय विद्यालय बुनियादी सुविधाओं और पढ़ाई के स्तर में निजी स्कूलों को सीधी टक्कर दे रहे हैं। स्मार्ट क्लास और डिजिटल माध्यमों से ग्रामीण बच्चों का भविष्य संवर रहा है। शिक्षक समाज के शिल्पकार हैं और उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।

चकिया विधायक कैलाश खरवार ने अपने पूर्व शिक्षक जीवन का उल्लेख करते हुए भावुक अंदाज में कहा एक शिक्षक का जीवन साधना के समान होता है। मैंने स्वयं शिक्षण कार्य किया है, इसलिए मैं शिक्षकों के परिश्रम और चुनौतियों को भली-भांति समझता हूँ। आज परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक जिस निष्ठा के साथ घर-घर जाकर बच्चों का दाखिला करा रहे हैं और उनकी खेल प्रतिभाओं को निखार रहे हैं, वह वंदनीय है। आपकी मेहनत से ही सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास मजबूत हुआ है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग और पुस्तकों की राशि सीधे उनके खातों में भेज रही है। उन्होंने अध्यापकों का आह्वान किया कि वे बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और खेलकूद में भी आगे बढ़ाएं।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उत्कृष्ट शिक्षण एवं नवाचार में 16 शिक्षक, सर्वाधिक छात्र नामांकन अभियान में 59 शिक्षक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां में 27 शिक्षक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में 11 शिक्षक को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सम्मानित शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *