समृद्धि जन कल्याण संस्थान ने पुनर्वास प्रथम में किया पौधरोपण, जल्द शुरू होगा निःशुल्क शिक्षा एवं महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र

Spread the love

बीजपुर,सोनभद्र। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पुनर्वास प्रथम में समृद्धि जन कल्याण संस्थान की ओर से पौधरोपण अभियान चलाया गया। संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रस्तावित शिक्षा केंद्र परिसर में विभिन्न पौधे लगाए। संस्था का उद्देश्य परिसर को हरा-भरा, स्वच्छ एवं छायादार बनाकर बच्चों के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण तैयार करना है। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सिद्धार्थ गुप्ता, उपाध्यक्ष जावेद अहमद, कोषाध्यक्ष जय सिंह, महामंत्री महावीर सिंह गोंड, वरिष्ठ सलाहकार प्रकाश चंद विश्वकर्मा के अलावा सोनू गुप्ता, रूपेश कुमार, देवदास यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई के साथ आगामी गतिविधियों और केंद्र के संचालन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पुनर्वास प्रथम में निःशुल्क शिक्षा केंद्र जल्द शुरू किया जाएगा, जहां आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। इसके साथ ही महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र भी शुरू किया जाएगा। यहां सिलाई-कढ़ाई सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है। संस्था के अध्यक्ष सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से केंद्र के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से आवश्यक संसाधन जुटाकर दोनों केंद्रों को बेहतर सुविधाओं के साथ जल्द संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा डोडहर में भी जल्द निःशुल्क शिक्षा केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। संस्था का लक्ष्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *