जिलाधिकारी ने बाढ़ राहत शिविरों का किया निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित परिवारों से की वार्ता

Spread the love

*डिप्टी कान्वेंट स्कूल हुकुलगंज, सरस्वती विद्या मंदिर हुकुलगंज, तुलसी निकेतन हुकुलगंज, प्राथमिक पाठशाला, ढेलवरिया सहित अन्य बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण किया 

*डीएम को अपने बीच पाकर अपनापन का एहसास कर शिविर में रह रहे लोगों के चेहरे पर मुस्कान के साथ ही संतोष का भाव स्पष्ट दिख रहा था*

      वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को बाढ़ राहत शिविरों का तूफानी दौरा कर वहाँ की व्यवस्थाओं को देखा तथा शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से उनका कुशलक्षेम जानने के साथ ही उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में रह रहे लोगों को सुबह का नाश्ता एवं दोनों टाइम का भोजन हर हालत में समय से मिलना सुनिश्चित हो। बच्चों को दूध, फल के साथ ही अन्य व्यवस्था होनी चाहिए। 

        जिलाधिकारी ने सरस्वती विद्या मंदिर, हुकुलगंज के राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान लोगों के साथ उनके बीच बैठकर उनसे व्यवस्थाओं के बाबत वार्ता कर जानकारी ली, तो अपनापन का एहसास कर शिविर में रह रहे लोगों के चेहरे पर मुस्कान के साथ ही संतोष का भाव स्पष्ट दिख रहा था। वहीं दीप्ति कान्वेंट स्कूल, हुकूलगंज में राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल टीम के डॉक्टर से बाढ़ पीड़ितों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे चिकित्सा सुविधाएं की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि 24 घंटे टीम की उपस्थिति सुनिश्चित हो। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ-साथ वृद्धजनों एवं गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए। तुलसी निकेतन, हुकुलगंज एवं प्राथमिक विद्यालय, ढेलवरिया के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां रह रहे लोगों के साथ ही बच्चों से भी वार्ता की तथा वहां राहत शिविर में मिल रही सुविधाओं की जानकारी बच्चों से भी पूछी। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दिये। नवयुग  विद्या मंदिर, ढलवरिया के राहत केंद्र का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान राहत शिविर में बनाये जा रहे भोजन को भी जिलाधिकारी ने रसोइये में जाकर देखा तथा सफाई के साथ भोजन पकाए जाने पर विशेष जोर दिया।

     जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को राहत शिविरों में लगातार सक्रिय रहकर बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *