बबुरी में चंद्रप्रभा और गढ़ई नदी का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा;अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Spread the love

चंदौली।जिले में लगातार हुई बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण उत्पन्न हुई बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग बबुरी क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने चंद्रप्रभा नदी और पड़्या स्थित गढ़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर एवं प्रभावित क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (चंद्रप्रभा) एवं संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि नदियों का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है। बांधों से पानी का डिस्चार्ज कम कर दिया गया है, जिससे जल्द ही क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा प्रदेश सरकार की स्पष्ट मंशा है कि आपदा की इस घड़ी में हर प्रभावित ग्रामीण और किसान तक समय से राहत पहुंचे। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जलस्तर घटने लगा है, लेकिन जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक सभी संबंधित अधिकारी क्षेत्र में बने रहेंगे। जलभराव वाले इलाकों में दवा का छिड़काव, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और फसलों के नुकसान का पारदर्शी आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी किसानों एवं ग्रामीणों को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए भ्रमणशील रहे। 

जिलाधिकारी के खुद धरातल पर उतरकर स्थिति की समीक्षा करने से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि नदियों के उफान से फसलों और निचली बस्तियों में पानी भरने का डर बना हुआ था, लेकिन अधिकारियों द्वारा जलस्तर घटने की पुष्टि और डीएम के त्वरित आश्वासन से उन्हें बड़ी राहत मिली है। किसानों ने मांग की है कि जलभराव से डूबी फसलों का जल्द से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाए, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता और स्थानीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *