WCL सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र में दीक्षांत समारोह एवं पासिंग आउट परेड संपन्न

Spread the love

नागपुर के पुलिस आयुक्त  विश्वास नांगरे पाटिल, भा.पु.से ने में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया

नागपुर,/  वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र, इंदोरा, नागपुर में दीक्षांत समारोह एवं पासिंग आउट परेड सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस समारोह में नागपुर के पुलिस आयुक्त  विश्वास नांगरे पाटिल, भा.पु.से ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके कोल इंडिया के सभी अनुषंगीयों से आए अधिकारियों और विभागीय सुरक्षाकर्मियों के शानदार अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा का भव्य प्रदर्शन किया गया।

मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षणार्थियों द्वारा प्रदर्शित उच्च स्तर के अनुशासन एवं व्यावसायिक दक्षता की सराहना की। अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने कहा कि औद्योगिक सुरक्षा, राष्ट्र की आर्थिक एवं ऊर्जा सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण आधार है। कोयला क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें सतर्कता, ईमानदारी, अनुशासन तथा आधुनिक तकनीक के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने संबोधित करते हुए कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित एवं दक्ष सुरक्षा कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वेकोलि में आधुनिक तकनीक, सतर्कता और निरंतर प्रशिक्षण के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को बधाई देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सुरक्षा कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निदेशक (वित मानव संसाधन) बिक्रम घोष, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय मधुकर महत्रे, सुरक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष (सुरक्षा) ले. कमांडर (डॉ) विक्रान्त मलहन, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

*SHASTrA का भी किया अवलोकन:* समारोह के पश्चात पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र, इंदोरा में स्थापित SHASTrA (स्मार्ट एवं आधुनिक हथियार प्रशिक्षण/फायरिंग सिमुलेशन सुविधा) का भी अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली तथा सुरक्षा कर्मियों की दक्षता बढ़ाने में इसकी उपयोगिता की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *