रोजगार के अवसरों के साथ कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
सोनभद्र। प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों को यूपी डिजिटल लेबर चैक मोबाइल ऐप से अधिक से अधिक जोड़ने तथा ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विकसित यूपी डिजिटल लेबर चैक ऐप निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों के बीच एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से निर्माण श्रमिकों को रोजगार के अवसर प्राप्त होने के साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं पात्रतानुसार उनका लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। ऐप के माध्यम से सेवायोजक, बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां एवं अन्य प्रतिष्ठान अपना पंजीकरण कर आवश्यकता के अनुरूप श्रमिकों से सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे। वहीं निर्माण श्रमिक भी ऐप के माध्यम से नियोजकों से जुड़कर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। इससे श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा नियोजकों को आवश्यकता के अनुरूप कुशल श्रमिक उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद में कार्यरत निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों के बीच इस ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा उन्हें ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के लिए डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों से अपील की है कि वे अपने एंड्रॉयड मोबाइल फोन में गूगल प्ले स्टोर से यूपी डिजिटल लेबर चैक ऐप डाउनलोड कर इसका अधिकतम उपयोग करें तथा अपने आसपास कार्यरत अन्य श्रमिकों एवं नियोजकों को भी इसके संबंध में जागरूक करें।
