वेकोलि के ‘तेजस’ कार्यक्रम का सफल समापन: भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल

Spread the love

तेजस कार्यक्रम का समापन किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जिम्मेदार, सक्षम, साहसी एवं दूरदर्शी नेतृत्व की एक नई यात्रा की शुरुआत है- डॉ. हेमंत शरद पांडे

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) द्वारा युवा अधिकारियों में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रणनीतिक सोच एवं संगठनात्मक समझ विकसित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ‘तेजस’ (TEJAS) कार्यक्रम, के प्रथम एवं द्वितीय मॉड्यूल तथा कंप्यूटर आधारित मूल्यांकन के सफलतापूर्वक संपन्न होने के पश्चात तेजस कार्यक्रम का सफल समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन समारोह में वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे, मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक इंद्र देव नारायण तथा वेकोलि के निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

अपने प्रेरक संबोधन में डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि तेजस कार्यक्रम का समापन किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जिम्मेदार, सक्षम, साहसी एवं दूरदर्शी नेतृत्व की एक नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यक्रम के दौरान अर्जित ज्ञान को अपने व्यवहार एवं कार्यक्षेत्र में उतारने, नवाचार को अपनाने, सत्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ नेतृत्व करने तथा संगठन में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एमईसीएल के सीएमडी इंद्र देव नारायण ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए वेकोलि में नेतृत्व विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे की दूरदर्शी सोच एवं नेतृत्व विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि तेजस जैसे कार्यक्रम अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता को विकसित करने, उनमें नवाचार एवं रणनीतिक सोच को बढ़ावा देने तथा वेकोलि को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन)  बिक्रम घोष ने तेजस कार्यक्रम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों एवं कार्यक्रम से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने तेजस की परिकल्पना, उद्देश्य एवं इसके माध्यम से प्रतिभागियों को प्राप्त हो रहे अवसरों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट विषयों में से शीर्ष तीन पेपर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए गए। तेजस कार्यक्रम में फैकल्टी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थितों का मन मोह लिया। इस अवसर पर तेजस प्रतिभागी, फैकल्टी, निर्णायक मंडल के सदस्य, विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक तथा मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *