रायपुर,: हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU), रायपुर को BW Education Power Players Award Ceremony 2026 में अनुसंधान एवं नवाचार में उत्कृष्टता के लिए BW Education Award से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार HNLU के अभिनव Research Hub and Spoke Model (R-HaS) के महत्व को स्थापित करता है, जो अंतर्विषयी, सहयोगात्मक और प्रभावोन्मुख अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए विकसित एक संस्थागत ढाँचा है। अनुसंधान एवं नवाचार के लिए एक परिवर्तनकारी दृष्टिकोण के रूप में परिकल्पित R-HaS का उद्देश्य पारंपरिक व्यक्तिगत-केंद्रित अनुसंधान से आगे बढ़कर एक ऐसे एकीकृत पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है, जो संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और शैक्षणिक संस्थानों को सरकार, उद्योग, न्यायपालिका तथा अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से जोड़ता है।
प्रो. (डॉ.) वी. सी. विवेकानंदन, कुलपति, HNLU के नेतृत्व में वर्ष 2023 में प्रारम्भ किया गया R-HaS विश्वविद्यालय में अनुसंधान संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण संस्थागत पहल के रूप में उभरा है। यह मॉडल पाँच अंतर्विषयी स्कूलों और 25 विशिष्ट अनुसंधान केन्द्रों के इर्द-गिर्द संरचित है, जो विधि एवं प्रौद्योगिकी, पब्लिक पालिसी , शासन, व्यवसाय, जलवायु परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, बौद्धिक संपदा, डेटा संरक्षण, आदिवासी अधिकार और मानवाधिकार जैसे समकालीन एवं विविध क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।
इस पहल ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, नीतिगत संवादों, प्रशिक्षण एवं क्षमता-विकास कार्यक्रमों, संस्थागत सहयोग तथा विभिन्न हितधारकों की भागीदारी के माध्यम से HNLU को मापनीय अनुसंधान परिणाम प्राप्त करने में सक्षम बनाया है। अंतर्विषयी अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा शैक्षणिक सीमाओं से परे ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देकर R-HaS यह सुनिश्चित करने का प्रयास करता है कि अनुसंधान नीतिनिर्माण, व्यावसायिक क्षमता-विकास और सामाजिक विकास में सार्थक योगदान दे।
पुरस्कार समारोह में HNLU की ओर से यह पुरस्कार डॉ. अनीता सिंह, फैकल्टी मेंबर, HNLU ने डॉ. अनुराग बत्रा, अध्यक्ष एवं प्रधान संपादक, BW Businessworld से हाथों से प्राप्त किया।
प्रो. (डॉ.) वी. सी. विवेकानंदन, कुलपति, HNLU ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय समुदाय को बधाई दी तथा संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और विभिन्न अनुसंधान केन्द्रों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने R-HaS के सुदृढ़ एवं गतिशील अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र के विकास में योगदान दिया है। यह सम्मान HNLU के लिए एक और महत्त्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक है तथा विश्वविद्यालय की उस दूरदर्शी सोच को और सुदृढ़ करता है, जिसके तहत अनुसंधान को नवाचार एवं सामाजिक परिवर्तन के लिए एक केंद्रीय संस्थागत साधन के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
