एनटीपीसी विंध्याचल ने हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया 80 वां स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा 80 वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीगण, सीआईएसएफ के जवान, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि, कर्मचारीगण एवं टाउनशिप निवासी उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन से हुआ, जिसके पश्चात श्री होता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद उन्होंने विभिन्न दलों का निरीक्षण किया तथा सीआईएसएफ जवानों एवं टाउनशिप स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया।

अपने संबोधन में  किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने एनटीपीसी विंध्याचल की प्रमुख उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण पड़ावों को रेखांकित करते हुए कर्मचारियों के समर्पण एवं परिश्रम की सराहना की। उन्होंने परियोजना की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाने में वेलफेयर संस्थाओं, क्लबों, एसोसिएशनों एवं सहयोगी संस्थाओं के योगदान की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम में डीपीएस के विद्यार्थियों द्वारा एनटीपीसी गीत प्रस्तुत किया गया तथा गुब्बारे उड़ाकर एकता एवं प्रगति का संदेश दिया गया। समारोह में मार्च-पास्ट के लिए बेस्ट टर्नआउट एवं बेस्ट कंटिंजेंट अवॉर्ड, कक्षा X एवं XII के 12 मेधावी विद्यार्थियों को बेस्ट स्टूडेंट अवॉर्ड तथा परियोजना स्तरीय मेधा प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 86 कर्मचारियों को HOP Meritorious Awards, 7 Health Champions, 4 कर्मचारियों को मानवता पुरस्कार तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सराहनीय योगदान देने वाले एससी/एसटी एसोसिएशन के 3 सदस्यों को सम्मानित किया गया।

समारोह को सीआईएसएफ जवानों के साहसिक एवं प्रभावशाली आपातकालीन प्रदर्शन तथा टाउनशिप स्कूलों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष बना दिया। डीपीएस के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश दिया, डीपॉल स्कूल ने ऐतिहासिक दांडी मार्च को जीवंत किया, जबकि एसएसएम के विद्यार्थियों ने भारत की एकता में विविधता को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर किशोर कुमार होता ने परियोजना नेतृत्व दल एवं लेडीज क्लब की वरिष्ठ सदस्यों के साथ विंध्य अस्पताल का दौरा कर मरीजों के बीच फल वितरित किए और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह ने स्वतंत्रता की गौरवपूर्ण यात्रा को नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति एनटीपीसी विंध्याचल की प्रतिबद्धता को दोहराया।

इसी क्रम में बालिका सशक्तिकरण एवं समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एनटीपीसी विंध्याचल ने सीएसआर पहल के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विंध्यनगर की छात्राओं को 16 साइकिलें वितरित कीं। साइकिलों का वितरण श्री किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) एवं श्रीमती पद्मालया होता, अध्यक्ष, सुहासिनी संघ द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधन के अधिकारीगण एवं लेडीज क्लब की वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहीं। श्री किशोर कुमार होता एवं श्रीमती पद्मालया होता ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने सपनों एवं लक्ष्यों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के दैनिक आवागमन को सुगम बनाना, नियमित विद्यालय उपस्थिति को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के मार्ग में आने वाली व्यावहारिक बाधाओं को कम करना है।

एनटीपीसी विंध्याचल की यह पहल बालिका सशक्तिकरण, शिक्षा एवं समान अवसर के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन, सत्यनिष्ठा, नवाचार एवं समावेशिता के माध्यम से राष्ट्र की सेवा करने तथा देश की प्रगति में निरंतर योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया गया। 80 वें स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन देशभक्ति, सेवा, उत्कृष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए इस संकल्प के साथ संपन्न हुआ कि एनटीपीसी विंध्याचल ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं समाज के समग्र विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *