एनटीपीसी कांटी में देशभक्ति के उल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित

Spread the love

मुजफ्फरपुर। एनटीपीसी कांटी में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह में  पंकज कुमार गुप्ता, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी कांटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन से हुआ, जिसके पश्चात परियोजना प्रमुख द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकजुटता की भावना के साथ समारोह में सहभागिता की।

अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग एवं बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी वर्ष 1975 से देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने एनटीपीसी की उपलब्धियों एवं भविष्य की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए वर्ष 2032 तक 130 गीगावाट क्षमता हासिल करने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयासों की बात कही।

उन्होंने एनटीपीसी कांटी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रचालन, अनुरक्षण, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने तथा उत्कृष्टता, नवाचार एवं जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान बाल भवन एवं अन्य सांस्कृतिक समूहों के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम और उत्साह से भर दिया तथा उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।

इसी क्रम में प्रशासनिक भवन में  उमेश कुमार, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं राख प्रबंधन) तथा तथागत क्लब में श्रीमती कविता गुप्ता, अध्यक्षा, संघमित्रा महिला मंडल द्वारा ध्वजारोहण किया गया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं। समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को परियोजना प्रमुख द्वारा मेरिटोरियस अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सीआईएसएफ, सुरक्षा बल, बाल भवन एवं समारोह में योगदान देने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर अध्यक्षा, संघमित्रा महिला मंडल,  अजय प्रसाद, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), डीसी (सीआईएसएफ), सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *