माया सिंह को तीज क्वीन चुना गया
अनपरा, सोनभद्र। दिशिता महिला मंडल रेनुसागर के तत्वावधान में “श्रृंगारिक सावन” थीम पर हरियाली तीज उत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह एवं रीना जैन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि“सावन और हरियाली तीज भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का प्रतीक है।हरियाली तीज केवल उत्सव और उमंग का पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास को मजबूत करने का अवसर भी है। दिशिता महिला मंडल द्वारा इस आयोजन के माध्यम से हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और पारंपरिक कलाओं को जिस खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है, वह सराहनीय है।
कार्यक्रम को गति प्रदान करते हुये सचिव तूलिका श्रीवास्तव आये हुये अतिथियों का स्वागत करते हुये कार्यक्रम के रूपरेखा पर प्रकाश डाला।विविध आयोजित कार्यक्रम में मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शालिनी श्रीवास्तव तथा द्वितीय स्थान खुशबू सिंह ने प्राप्त किया। वहीं हेयर स्टाइल प्रतियोगिता में स्नेहल यादव एवं शालिनी श्रीवास्तव विजेता रहीं। विशेष आकर्षण का केंद्र रही तीज क्वीन प्रतियोगिता, जिसमें विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा एवं संस्कृति को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में माया सिंह को तीज क्वीन चुना गया। प्रथम रनरअप स्नेहल यादव तथा द्वितीय रनरअप रेखा सुमन रहीं। सांत्वना पुरस्कार नीलिमा निकुंज एवं ज्योति बारस्कर को प्रदान किया गया। पेयर डांस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रेखा सुमन एवं प्रीति मिश्रा की जोड़ी ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर शालिनी श्रीवास्तव एवं खुशबू सिंह तथा तृतीय स्थान पर श्वेता श्रीवास्तव एवं माया सिंह की जोड़ी रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शिव वंदना, श्रृंगार रस नृत्य, सावन नृत्य एवं कजरी की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित महिलाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात देवाधिदेव शिव एवं माता पार्वती के विवाह का अत्यंत भावपूर्ण मंचन किया गया तथा अंत में अर्धनारीश्वर स्वरूप की मनोहारी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक ऊंचाई प्रदान की।
पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं ने सावन के पारंपरिक रंग, लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य और सौंदर्य का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की सदस्याओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन बबीता त्रिपाठी ने किया। कल्चरल सेक्रेट्री नूतन सिंह तथा जॉइंट कल्चरल सेक्रेट्री सुनीता यादव की देखरेख में बहुत ही सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।धन्यवाद ज्ञापन जॉइंट कल्चरल सेक्रेट्री सुनीता यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया।
