प्रयागराज । ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज दिनांक 13 अगस्त 2026 को प्रयागराज मंडल में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली को मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने मंडल कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य, दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। तिरंगा रैली में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
तिरंगा रैली प्रयागराज मंडल कार्यालय से प्रारंभ होकर प्रयागराज जंक्शन पहुंची। प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड स्थित पोर्टिको में इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया। कलाकारों ने आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य नागरिकों के हृदय में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रत्येक नागरिक के व्यक्तिगत एवं भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ाना है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर गर्व एवं सम्मान के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रयागराज मंडल द्वारा इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया तथा सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गई।
