*स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों का होगा सम्मान, अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां*
*स्वतंत्रता दिवस पर पौधरोपण व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन*
चन्दौली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में तय कार्यक्रमानुसार स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत सुबह 7:00 बजे स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी से होगी। इसके पश्चात 7:30 बजे क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन होगा। सुबह 8:00 बजे कलेक्ट्रेट, समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों तथा शिक्षण संस्थाओं पर ध्वजारोहण व राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत प्रातः 8:15 बजे नगर पंचायत चन्दौली परिसर स्थित शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा। वहीं, प्रातः 9:00 बजे नगर पंचायत सैयदराजा, सकलडीहा (बरठी) स्थित शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रातः 9:30 बजे धानापुर शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण एवं सलामी दी जाएगी तथा इसी समय जिला चिकित्सालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों में फल वितरण किया जाएगा। संध्या 7:00 बजे नगर पालिका परिषद मुगलसराय में कवि सम्मेलन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होगा। द्वय अधिकारियों ने निर्देशित करते हुए कहा कि भूतपूर्व सैनिक/शहीद सैनिक के घर सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी घर जाकर सम्मान करेंगे एवं जानेगें कुशलक्षेम। मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि/रा) ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा एवं भव्यता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों पर स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
