वाराणसी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने खजूरी से चाँदपुर तक पूरे कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने मार्ग पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और उन्हें निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुचारु एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, पार्किंग, यातायात संचालन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रहें और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता, पेयजल एवं चिकित्सा सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और जहां सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें।
