सावन के प्रथम सोमवार पर दुद्धी के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Spread the love

 हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र

दुद्धी, सोनभद्र। सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर दुद्धी कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों एवं मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे।
श्रद्धालुओं ने रामनगर स्थित हीरेश्वर महादेव मंदिर, मल्देवा के कैलाश कुंज, कन्हरेश्वर महादेव मंदिर, डुमरडीहा स्थित लउवा पहाड़ शिवालय,  मुख्य बाजार स्थित शिवाला मंदिर,दुद्धी का शिवाजी तालाब परिसर, अवधूत भगवान राम आश्रम कलकली बहरा सहित क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की जलाभिषेक किया गया। भक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र,फलहार, धतूरा, पुष्प एवं नैवेद्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और शांति की कामना की।सावन सोमवार का व्रत रखने वाले श्रद्धालु प्रातःकाल स्नान कर पैदल ही शिवालयों तक पहुंचे और कतारबद्ध होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में घंट-घड़ियाल, शंखनाद और शिव भजनों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
श्रद्धालु रीता, सीता, गीता सोनी, महेश्वरी और गुंजा देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। उनका कहना था कि इस पावन मास में श्रद्धा और सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।दिनभर शिवालयों में दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। मंदिर समितियों एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था भी की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *