लखनऊ । केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ऐतिहासिक बुद्ध विपश्यना केंद्र, कपिलवस्तु (पिपरहवा) में ₹349.96 लाख की कुल लागत से नवविकसित ‘विपश्यना पार्क एवं लाइट एंड SOUND शो’ का औपचारिक लोकार्पण किया। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य कपिलवस्तु के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्त्व को संजोने के साथ-साथ यहाँ वैश्विक पर्यटन को नई दिशा देना और आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं व पर्यटकों को भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और विपश्यना के अमर संदेशों से जोड़ना है।
लोकार्पण समारोह के क्रम में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ डिजिटल चलचित्र और अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन, त्याग और उनके विचारों पर आधारित भव्य प्रस्तुति का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में पधारे केंद्रीय मंत्री का स्थानीय जन-प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ व फूल मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर डुमरियागंज के सांसद श्री जगदंबिका पाल, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह, कपिलवस्तु के क्षेत्रीय विधायक श्री श्याम धनी राही, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, निवर्तमान जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान तथा भाजपा नेत्री श्रीमती पूजा पाल मौजूद रहीं। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व गणमान्य जन उपस्थित रहे।
